नैनीताल में उर्वरक बिक्री की नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी, कृषि व सहकारिता कर्मियों को दिया प्रशिक्षण

दिनांक : 2026-11-22 23:34:00

  • FFS प्रणाली से खाद वितरण होगा अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित, मोबाइल ऐप से किसान कर सकेंगे उर्वरक बुकिंग

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में उर्वरकों की बिक्री एवं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से फर्टिलाइजर फ्रेमवर्क सेल (FFS) व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिला सहकारिता बैंक सभागार, हल्द्वानी में कृषि, सहकारिता और राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ निजी खाद विक्रेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नई व्यवस्था के तहत उर्वरकों की बिक्री, बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

मोबाइल ऐप से होगी उर्वरकों की बुकिंग

प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि मंत्रालय की सीपीएमयू टीम के प्रशिक्षक सुमित वाधवा ने एफएफएस व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के तहत किसानों की पहचान एवं सत्यापन, मोबाइल ऐप के माध्यम से उर्वरक बुकिंग, खाद वितरण और बिक्री से संबंधित प्रक्रियाएं किस प्रकार पूरी की जाएंगी।

फील्ड कार्मिकों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड स्टाफ को मोबाइल ऐप के संचालन और उसके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी भी दी गई। इसका उद्देश्य किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा से बचाना और नई व्यवस्था के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कृषि विभाग उत्तराखंड, देहरादून से संयुक्त कृषि निदेशक एनएस बर्फाल और उप निदेशक कृषि प्रियंका सिंह ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी नैनीताल विवेक राय, मुख्य कृषि अधिकारी नैनीताल, सहायक निबंधक सहकारी समितियां नैनीताल सहित कृषि, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जनपद के निजी खाद विक्रेता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *