दिनांक : 2026-11-22 23:57:00
- 16 नवंबर से ऊधमसिंहनगर में नई व्यवस्था लागू, फार्मर आईडी या आधार नंबर से किसान करा सकेंगे पंजीकरण; क्यूआर कोड स्कैन कराने पर मिलेगी खाद
गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें FFS ऐप
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को अपने एंड्रॉइड मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (FFS) ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। ऐप पर पंजीकरण के बाद किसान भूमि एवं फसल का विवरण दर्ज करेंगे। इसके बाद आवश्यक उर्वरक और उसकी मात्रा का चयन करने के साथ ही संबंधित उर्वरक विक्रेता का चयन करना होगा। सभी जानकारियां दर्ज करने के बाद मोबाइल पर क्यूआर कोड/टोकन जनरेट हो जाएगा।
फार्मर आईडी से भूमि का विवरण स्वतः होगा प्रदर्शित
डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि फार्मर आईडी से लॉगिन करने पर किसान की भूमि का विवरण स्वतः स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा। वहीं, आधार नंबर से पंजीकरण करने वाले किसानों को ‘Add/Claim Land Details’ विकल्प में जाकर अपनी श्रेणी और उप-श्रेणी का चयन करना होगा।
भूमि स्वामियों के लिए ऐप में ‘I am an Owner’ विकल्प उपलब्ध है। इसके अंतर्गत किसान अपनी स्थिति के अनुसार तीन श्रेणियों में से चयन कर सकते हैं—
-
My name is in revenue record – राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज है।
-
I am a Legal Heir – किसान कानूनी उत्तराधिकारी है।
-
I am an Owner, but Sale/Record not updated – किसान भूमि का स्वामी है, लेकिन बिक्री या भूमि रिकॉर्ड अपडेट नहीं हुआ है।
भूमिहीन और किरायेदार किसानों के लिए भी सुविधा
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों के नाम भूमि का स्वामित्व दर्ज नहीं है, उन्हें ‘I am not an Owner’ विकल्प चुनना होगा। इसके अंतर्गत निम्न श्रेणियां उपलब्ध हैं—
-
वन अधिकार पट्टाधारक (Forest Right Patta Holder)।
-
मंदिर की भूमि पर खेती करने वाले किसान।
-
सरकारी, संस्थागत अथवा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की भूमि पर खेती करने वाले किसान।
-
सामुदायिक भूमि पर खेती करने वाले किसान।
-
डूबान क्षेत्र की भूमि पर खेती करने वाले किसान।
-
पंजीकृत अथवा औपचारिक किरायेदार किसान।
किसानों को अपनी संबंधित श्रेणी का चयन करने के बाद ‘Land Detail’ विकल्प में भूमि का आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा।
ऑनलाइन नहीं हुए भूमि अभिलेख भी कर सकेंगे अपलोड
डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि जिन किसानों के भूमि अभिलेख तहसील स्तर से अभी तक ऑनलाइन नहीं हो पाए हैं, वे अपने भूमि संबंधी दस्तावेज भौतिक रूप से FFS ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। आवश्यक विवरण दर्ज करने के बाद उनकी टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
क्यूआर कोड स्कैन कराने पर विक्रेता केंद्र से मिलेगी खाद
मुख्य कृषि अधिकारी के अनुसार टोकन जनरेट करते समय ही किसान को उर्वरक का प्रकार, उसकी आवश्यक मात्रा और संबंधित विक्रेता केंद्र का चयन करना अनिवार्य होगा। टोकन जनरेट होने के बाद किसान अपने मोबाइल में प्राप्त क्यूआर कोड को संबंधित उर्वरक विक्रेता के केंद्र पर ले जाएंगे। वहां पीओएस मशीन से क्यूआर कोड स्कैन कराने के बाद किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।
समस्या होने पर कृषि विभाग से करें संपर्क
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने जनपद के सभी किसान भाई-बहनों से अपील की है कि वे उर्वरक प्राप्त करने के लिए निर्धारित ऑनलाइन टोकन प्रक्रिया अपनाएं। ऐप पर पंजीकरण, भूमि का विवरण दर्ज करने अथवा टोकन जनरेट करने में किसी प्रकार की समस्या आने पर अपने निकटतम कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क करें, ताकि समय पर समस्या का समाधान किया जा सके और उर्वरक प्राप्त करने में असुविधा न हो।