दिनांक : 2026-11-23 23:02:00
कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले के भुज में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार में तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के पार्थिव शरीर सोमवार को सेना के कौड़िया कैंप पहुंचा दिए गए। अपनों के शवों के पहुंचने की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सभी सातों मृतकों का अंतिम संस्कार कोटद्वार स्थित मुक्ति धाम में किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, हादसे में गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका की मौत हो गई। वहीं, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और बेटी वामिका की भी इस दर्दनाक दुर्घटना में मौत हो गई। तीनों परिवार कोटद्वार के रहने वाले थे।
सोमवार सुबह सातों पार्थिव शरीर सेना के कौड़िया कैंप पहुंचाए गए, जहां अन्य परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। इसके बाद पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक आवास ले जाया जाएगा। अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्ति धाम में किए जाने की तैयारी है।
बेटी के जन्मदिन पर घूमने गए थे गुजरात
बताया गया कि नायक सौरभ सिंह नेगी के परिवार में बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात घूमने का कार्यक्रम बनाया गया था। इस दौरान तीनों सैन्यकर्मियों के परिवार रण क्षेत्र घूमने के लिए गुजरात गए थे। ब्रिगेडियर विनोद नेगी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे एक टेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में मौत का कारण सिर में गंभीर चोट और शरीर के विभिन्न हिस्सों में आई चोटों से उत्पन्न सदमे को बताया गया है। इसके चलते हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया था।
कोटद्वार में पसरा मातम
नायक सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था, जबकि नायक राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नायक नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में निवास करता है। हादसे की खबर मिलते ही तीनों परिवारों में मातम छा गया। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत से कोटद्वार क्षेत्र में हर कोई स्तब्ध है। विशेष रूप से मासूम बच्चियों की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।