भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का कड़ा प्रहार, बड़े अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक पर कार्रवाई

दिनांक : 2026-11-24 00:11:00

  • जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विजिलेंस को खुली छूट, 1064 ऐप बना शिकायतों का माध्यम; मुख्यमंत्री बोले- भ्रष्टाचार में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। प्रदेश में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजिलेंस को भ्रष्टाचार के मामलों में स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है। भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई से सरकार ने दिया स्पष्ट संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता मजबूत की जा रही है। सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में छोटे कर्मचारियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है। इससे स्पष्ट है कि कार्रवाई में पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।

धामी सरकार के कार्यकाल में सतर्कता विभाग ने रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में जांच और कार्रवाई तेज की है। विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में रिश्वत लेते हुए अधिकारी और कर्मचारी गिरफ्तार किए गए हैं। विभिन्न मामलों में विभागीय कार्रवाई और निलंबन जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

आईएएस और पीसीएस अधिकारियों पर भी हुई कार्रवाई

सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने में भी संकोच नहीं किया। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कार्रवाई की गई। सरकार ने इन कदमों के माध्यम से स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई में किसी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

1064 ऐप से सीधे दर्ज करा सकते हैं भ्रष्टाचार की शिकायत

भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सतर्कता विभाग का 1064 ऐप आम नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। इस ऐप के जरिए नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का परीक्षण करने के बाद विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है, जबकि अन्य शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जाती हैं। इससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया सुगम हुई है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में आमजन की भागीदारी बढ़ी है।

विजिलेंस को संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध करा रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विजिलेंस विभाग को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मामलों की जांच के साथ न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके। सरकार का उद्देश्य भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कर शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और आम जनता का विश्वास मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत मांगता है अथवा अपने पद का दुरुपयोग करता है तो इसकी सूचना निर्भीक होकर सतर्कता विभाग को दें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प होना चाहिए। जनसहयोग से ही भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *