जनता दरबार में उठी सड़क, वन व अवैध खनन की शिकायतें

दिनांक : 2026-11-23 23:05:00

  • लाता में धौलीगंगा किनारे अवैध खनन की जांच के निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क बदहाली, वन सरपंच चुनाव और अवैध खनन से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट ने आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और स्थायी समाधान करने को कहा।

जनता दरबार में सरतोली के ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह बिष्ट ने बिना पूर्व सूचना ग्रामसभा में वन सरपंच के चुनाव कराए जाने की शिकायत उठाई। इस पर सीडीओ ने उपजिलाधिकारी चमोली को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ईराणी की ग्राम प्रधान दीपा देवी ने निजमुला-पाणा-ईराणी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति का मामला उठाते हुए सुधारीकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। देव सिंह नेगी ने घाट-भेंटी मोटर मार्ग के सुधारीकरण का मामला उठाया। वृजमोहन सजवाण ने लाता गांव के समीप धौलीगंगा नदी में कथित अवैध खनन की शिकायत दर्ज की। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की। इस पर सीडीओ ने जांच किए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा शंकर रावत, लछम सिंह और अनिल रावत समेत अन्य शिकायतकर्ताओं ने जिला पूर्ति, लोक निर्माण, समाज कल्याण, वन, शिक्षा, विद्युत और ग्रामीण निर्माण विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। सीडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, मुख्य कृषि अधिकारी जयप्रकाश तिवारी, जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी सख्ती

जनता दरबार के बाद सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल (1905) पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतकर्ता से फोन पर अनिवार्य रूप से बातचीत कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें।

समय पर पूरे हों जिला योजना के कार्य

सीडीओ ने जिला योजना के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति भी जांची। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं और विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *