राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में ‘विकसित भारत @2047’ पर कार्यक्रम आयोजित

दिनांक : 2026-10-14 23:23:00

रिखणीखाल : राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत : विकसित भारत @2047’ विषय पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के जिला अध्यक्ष राजगौरव नौडियाल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज उप्रेती एवं मुख्य अतिथि राजगौरव नौडियाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजगौरव नौडियाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएँ आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृशक्ति के उत्थान, ग्रामीण समस्याओं के समाधान तथा स्वच्छ भारत अभियान जैसी पहलों के माध्यम से देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज उप्रेती ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से महाविद्यालय में निबंध, चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर प्राप्त होता है।

कार्यक्रम के दौरान दिनेश ध्यानी, शांता बमराड़ा, सुरेंद्र सिंह नेगी, भारत सिंह गुसाईं एवं गोविंद सिंह बिष्ट सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *