दुगड्डा-लैंसडाउन मार्ग पर स्कूटी हादसा, खाई में गिरीं दो युवतियां, इलाज के दौरान एक की मौत

दिनांक : 2026-06-28 22:10:00

दुगड्डा : आज 28 जून को लगभग सुबह 11:30 बजे चौकी दुगड्डा पुलिस को सूचना मिली कि दुगड्डा से आगे नगर पालिका के पास चुना धारा बैंड पर एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। स्कूटी पर सवार दो युवतियां सड़क से लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई हैं।

सूचना मिलते ही चौकी दुगड्डा से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कोटद्वार की ओर से आ रही स्कूटी (संख्या UK07DG8232) सड़क किनारे फिसली हुई मिली। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवतियों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया।

पूछताछ में घायलों ने अपनी पहचान निधिता (20 वर्ष), पुत्री सुशील सिंह, निवासी उमराव नगर, कोटद्वार तथा प्रियांशी (20 वर्ष), पुत्री भूपेंद्र सिंह, निवासी बेलाडाट, कोटद्वार के रूप में बताई। दोनों ने पुलिस को बताया कि वे कोटद्वार से लैंसडाउन घूमने जा रही थीं। चुना धारा के पास सामने से अचानक एक वाहन आने पर वे घबरा गईं, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों खाई में जा गिरीं।

दोनों घायल युवतियों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दुगड्डा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि दोनों को अंदरूनी चोटें भी हो सकती हैं, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज एवं आवश्यक जांच के लिए हायर सेंटर, कोटद्वार रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान प्रियांशी की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरी युवती का उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *