चमोली में ट्रेकर्स की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

दिनांक : 2026-01-03 02:13:00

चमोली : जनपद में सुरक्षित ट्रेकिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रेकर्स के पंजीकरण एवं ट्रेक रूट प्रबंधन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद अंतर्गत स्थित सभी ट्रेक रूटों पर वर्तमान में दी जा रही अनुमतियों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा विभिन्न वन प्रभागों एवं संरक्षित क्षेत्रों में संचालित ट्रेक मार्गों पर ट्रेकर्स की सुरक्षित आवाजाही को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी ट्रेक मार्गों की वहन क्षमता का वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक आकलन करते हुए निर्धारित क्षमता से अधिक ट्रेकर्स को अनुमति न दी जाए। उन्होंने ट्रेकर्स के अनिवार्य ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रेकर्स से संबंधित जानकारी संबंधित पुलिस थानों एवं जिला आपदा प्रबंधन विभाग को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने ट्रेक मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को संबंधित टूर एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित कर ट्रेकिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं ट्रेकर्स की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश तैयार करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन व्यवस्थाओं से ट्रेकिंग गतिविधियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकेगा तथा जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, एसडीओ बद्रीनाथ विकास दर्मोडा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *