दिनांक : 2026-07-01 20:19:00
गोपेश्वर (चमोली)। निजमुला घाटी के जनप्रतिनिधियों ने मुख्य विकास अधिकारी, चमोली से भेंट कर बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर स्थित काली चट्टान क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन की समस्या रखते हुए बताया कि विगत अक्टूबर माह से लगातार टूट रहा है। इससे मार्ग पर आवाजाही को खतरा बना हुआ है।
जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से इस डेंजर जोन के स्थायी ट्रीटमेंट और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की। बताया कि यह मोटर मार्ग निजमुला घाटी के लगभग 12 गांवों को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। यहां बार-बार पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। इससे पूरी घाटी प्रभावित होती है। प्रतिनिधियों ने इस समस्या के जल्द एवं स्थायी समाधान की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुचारु यातायात सुविधा मिल सके।
इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रघुबीर बिष्ट, सुरेंद्र गड़िया, भरत राणा, दुरमी क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्ण सिंह, मोहन नेगी आदि मौजूद रहे।