अतिवृष्टि प्रभावित नारायणबगड़ पहुंचे डीएम गौरव कुमार, राहत कार्यों का लिया जायजा

दिनांक : 2026-07-09 01:03:00

गोपेश्वर (चमोली)। नारायणबगड़ क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिवृष्टि के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत, पुनर्स्थापन और सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नारायणबगड़ मुख्य बाजार का भ्रमण कर मलबा हटाने, जल निकासी व्यवस्था और प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने शेष स्थानों पर सफाई अभियान में तेजी लाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए स्थायी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़, छात्रावास और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसरों में सुरक्षा, साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कौलुसैंण नाले का भी निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नाले के जल प्रवाह में बाधा बनने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने तथा दीर्घकालिक समाधान तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मुख्य बाजार में उन्होंने प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस  दौरान ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदौला, उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *