दिनांक : 2026-11-25 17:40:00
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका तथा अधिकारों से जुड़ा होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का पूरी सावधानी एवं निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए उनकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय संबंधित परिवारों की परिस्थितियों को भी समझना होगा।
धामी ने कहा कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों तथा सरकारी प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि आमजन को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों तक नियमानुसार राहत शीघ्र पहुंचाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी अधिकारी को दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज काम का समय पर निस्तारण करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
धामी ने प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अधिकारियों की कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए नवनियुक्त अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए जनता का विश्वास अर्जित करें।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने की सोच के साथ अधिकारियों को काम करना चाहिए। विशेष रूप से उन लोगों के प्रति उनकी जिम्मेदारी अधिक है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त अधिकारी जनसेवा के उद्देश्य को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।