पौड़ी पुलिस का ‘दो सवार, दो हेलमेट’ अभियान, चालक के साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

दिनांक : 2026-11-22 02:34:00

  • एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान शुरू, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
पौड़ी। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन पर सवार दोनों व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस ने ‘दो सवार, दो हेलमेट’ अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें वाहन चालकों और आमजन को जागरूक कर रही हैं। अभियान के तहत स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि दोपहिया वाहन पर सफर के दौरान हेलमेट पहनना केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी अनिवार्य है।

पीछे बैठने वाले की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण

पुलिस टीमों द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि अक्सर दोपहिया वाहन चालक स्वयं हेलमेट पहन लेते हैं, लेकिन पीछे बैठने वाले व्यक्ति को इसकी आवश्यकता नहीं समझते। यह लापरवाही दुर्घटना की स्थिति में जानलेवा साबित हो सकती है। हादसे के दौरान पीछे बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो सकता है। हेलमेट सिर में लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव करने और जीवन सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जागरूकता अभियान के बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है।

पौड़ी पुलिस की अपील, छोटी दूरी के सफर में भी पहनें हेलमेट

पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और यातायात के अन्य नियमों का भी जिम्मेदारी से पालन करें। पुलिस ने कहा कि यात्रा चाहे छोटी हो या लंबी, सुरक्षा से समझौता न करें। दो सवार, दो हेलमेट अपनाएं और सुरक्षित घर पहुंचें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *