पौड़ी गढ़वाल : ​पहाड़ में पलायन के बीच शिक्षक के तबादले पर रोक लगाने की मांग

दिनांक : 2026-11-10 00:47:00

पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा क्षेत्र स्थित जनता इंटर कॉलेज तिलखोली में कार्यरत व्यायाम शिक्षक नफीस अहमद के कोटद्वार स्थानांतरण को लेकर क्षेत्रीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व सदस्य धर्मपाल सिंह रावत ने चिंता जताई है।
 
धर्मपाल सिंह रावत का कहना है कि पहाड़ों में पहले से ही शिक्षा के अभाव में पलायन एक गंभीर समस्या बनी हुई है। ऐसे में विद्यालय में खेल शिक्षा और खेल गतिविधियों को संचालित करने वाले शिक्षक का स्थानांतरण होने से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
 
उन्होंने कहा कि अशासकीय विद्यालयों में पिछले आठ वर्षों से नियुक्तियों पर रोक के चलते नए शिक्षकों की व्यवस्था करना भी आसान नहीं है।
 
उन्होंने उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा से जनहित एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार कर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर क्षेत्रीय जनता के साथ कार्यालय में आमरण अनशन किया जाएगा।
 
क्षेत्रवासियों की मांग है कि पहाड़ के विद्यालयों में शिक्षा और खेल गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *