उत्तराखण्ड सचिवालय की महिला अधिकारी से उपनल कर्मी की अभद्रता, मुकदमा दर्ज

दिनांक : 2026-10-23 00:57:00

देहरादून : उत्तराखण्ड सचिवालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की एक महिला अनुभाग अधिकारी के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला अधिकारी की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने सहकारिता विभाग में तैनात एक उपनल कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक के जरिए महिला अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया था। महिला अधिकारी ने उसे ब्लॉक कर दिया तो आरोप है कि वह बार-बार फोन कर उन्हें परेशान करने लगा। बाद में उन्होंने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
 
महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में उनके कार्यालय पहुंचा और उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उन्हें देख लेने की धमकी दी, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी।
 
सचिवालय परिसर से भागने का भी आरोप
 
महिला अधिकारी के मुताबिक, कार्यालय में मौजूद सहकर्मियों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह सचिवालय परिसर से बाहर भाग गया। इसके बाद सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। शिकायत में आरोपी की पिटाई किए जाने का भी उल्लेख है। बताया गया है कि कर्मचारी को सचिवालय में उसकी तैनाती से हटा दिया गया है।
 
महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। वह दोपहिया वाहन से घर से कार्यालय आती-जाती हैं। ऐसे में उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सुरक्षा की चिंता जाहिर की है। 
 
पुलिस ने शुरू की जांच
 
नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *