दिनांक : 2026-10-17 15:28:00
- अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही फिल्म के लिए चुने गए मॉल रोड, चार दुकान और ऐतिहासिक राधा भवन एस्टेट; धामी सरकार की फिल्म नीति से शूटिंग को मिल रहा बढ़ावा
देहरादून। उत्तराखंड की हसीन वादियां एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी छटा बिखेरने को तैयार हैं। प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी परिवेश और ऐतिहासिक स्थलों के चलते प्रदेश फिल्म निर्माताओं की पसंद बन रहा है। इसी कड़ी में प्रसिद्ध निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘SVC60’ (वर्किंग टाइटल) की शूटिंग मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में की जा रही है। फिल्म में राष्ट्रीय फिल्म सम्मान से सम्मानित अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना प्रमुख भूमिकाओं में हैं। दिल राजू के प्रोडक्शन हाउस श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स (SVC) के बैनर तले बन रही इस फिल्म से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
मसूरी से लैंढौर तक कैमरे में कैद होंगे खूबसूरत नजारे
फिल्म की शूटिंग 10 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है। इसके लिए मसूरी की मॉल रोड, लैंढौर, चार दुकान क्षेत्र, ऐतिहासिक राधा भवन एस्टेट और होटल सवॉय जैसे प्रमुख स्थलों का चयन किया गया है। इन स्थानों का प्राकृतिक सौंदर्य, औपनिवेशिक स्थापत्य और विशिष्ट पहाड़ी परिवेश फिल्म के दृश्यों को खास आकर्षण प्रदान करेंगे।
धामी सरकार की फिल्म नीति से शूटिंग को बढ़ावा
उत्तराखंड सरकार राज्य को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए फिल्म नीति-2024 के तहत अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ फिल्म पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देना है।
सात दिन में शूटिंग अनुमति की व्यवस्था
राज्य में सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम के तहत सात दिन के भीतर शूटिंग की अनुमति देने की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों से संबंधित अनुमतियां और औपचारिकताएं पूरी करने में सुविधा मिलती है। समयबद्ध अनुमति प्रक्रिया राज्य में कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्थानीय रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
बड़े फिल्म प्रोजेक्ट से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के लिए अवसर पैदा होने के साथ परिवहन, होटल, खान-पान और अन्य सेवाओं की मांग बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं। फिल्मों के जरिए उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलने से पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
फिल्म पर्यटन के मानचित्र पर मजबूत होगी पहचान
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए फिल्म निर्माताओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। ‘SVC60’ जैसी फिल्मों की शूटिंग से प्रदेश की फिल्म-अनुकूल छवि को मजबूती मिलने और फिल्म पर्यटन की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।
