नशाखोरी व छेड़छाड़ पर पुलिस सख्त, हुड़दंगियों की अब खैर नहीं, ड्रोन से नजर

दिनांक : 2026-10-10 03:39:00

  • गोपेश्वर की गलियों में पैदल गश्त तो ड्रोन से संदिग्ध ठिकानों पर नजर

गोपेश्वर (चमोली)। नशाखोरी, हुड़दंग और महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसने वालों के खिलाफ गोपेश्वर पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है। नगर में ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की टीमें गलियों और सुनसान रास्तों पर पैदल गश्त शुरू कर दी है। जबकि संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र युवाओं से पूछताछ कर उन्हें चेतावनी भी दी जा रही है।

आमजन और व्यापार मंडल के साथ बैठक में सामने आई समस्याओं के बाद थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने नगर में सायंकालीन गश्त अभियान चलाया। नगर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर पुलिस टीमें तैनात की गईं। प्रमुख चैराहों, संकरी गलियों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और सुनसान रास्तों पर निगरानी की जा रही है। ड्रोन के जरिए उन स्थानों पर भी नजर रखी गई, जहां युवाओं के जमावड़े और नशे जैसी गतिविधियों की आशंका रहती है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने नशे की सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच करने के साथ युवाओं के वाहनों की चेकिंग कर रही है। सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, हुड़दंग मचाने और महिलाओं व छात्राओं से अभद्रता करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नगर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने, महिलाओं व छात्राओं से अभद्रता करने और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर में पैदल गश्त और ड्रोन से निगरानी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *