दिनांक : 2026-09-26 16:18:00
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में शुक्रवार सुबह गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बाद कुछ लोग देर रात वापस लौटे थे। इसके बाद वे गांव में बनाए गए गणेश पंडाल के मंच पर ही सो गए। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पंडाल में अचानक करंट फैल गया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर नीचे सो रहे लोगों पर गिर गया। तार के संपर्क में आने से कई लोग करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में बिरेन्द्र भांगर (55), कृष्ण कुमार भांबरे (19), रवि (24) और जैनू भांबरे (39) की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
नैनपुर थाना प्रभारी मंसाराम वगेन के मुताबिक, पंडाल में सो रहे लोगों के ऊपर एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर गिरने के कारण हादसा हुआ। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में बारिश होने के चलते पंडाल और आसपास का इलाका नम था। ऐसे में टूटे हुए बिजली के तार के संपर्क में आने से करंट तेजी से फैल गया और लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। नैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।