पांच स्कूलों में औचक पहुंचे सीईओ आकाश सारस्वत, परखी पढ़ाई और अनुशासन व्यवस्था

दिनांक : 2026-09-22 01:26:00

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने सोमवार को जिले के तीन राजकीय इंटर कॉलेज और दो राजकीय प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और शिक्षण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को समय पालन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्व निभाने पर जोर दिया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कर्णप्रयाग विकासखंड के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली, नारायणबगड़ के राजकीय इंटर कॉलेज भगवती और थराली के राजकीय इंटर कॉलेज कुलसारी का निरीक्षण किया। इसके साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवती और राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिमली की व्यवस्थाएं भी देखीं।

सिमली इंटर कॉलेज में प्रार्थना स्थल पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए आकाश सारस्वत ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य के लिए स्वअनुशासन, समय पालन और नियमित स्वाध्याय को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

उन्होंने शिक्षकों को शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने और विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन और नियमितता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य देवदत्त शर्मा और मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार सिंह मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *