उत्तराखंड सचिवालय कार्मिकों ने पेश की अनूठी मिसाल, शासकीय जिम्मेदारियों के साथ जनसेवा को बनाया मिशन, वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का जाना हाल, फल-जूस व ड्राई फ्रूट्स किए वितरित

दिनांक : 2026-09-06 23:11:00

  • वृद्धजनों को ताजे फल, जूस एवं ड्राई फ्रूट्स किए वितरित
  • इससे पूर्व बाल आश्रम में बच्चों को भोजन वितरित कर उनके साथ बिताया समय
  • समूह द्वारा हर माह व्यक्तिगत सहभागिता से जरूरतमंद वर्गों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी कार्य
  • पशु कल्याण एवं वृक्षारोपण सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी

देहरादून : अपनी शासकीय जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड सचिवालय के कार्मिकों के एक सामाजिक समूह ने जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। समूह के सदस्यों ने शनिवार को देहरादून स्थित एक वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों का हाल-चाल जाना और उन्हें ताजे फल, जूस एवं ड्राई फ्रूट्स वितरित किए।

समूह की ओर से पिछले सप्ताह भी एक बाल आश्रम में भोजन वितरित किया गया था। इस दौरान सदस्यों ने गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ संवाद किया।

इस सेवा अभियान की शुरुआत समूह के संस्थापक श्री दिव्यांशु डोभाल के नेतृत्व में की गई है। उनके साथ सचिवालय में कार्यरत अंकिता ज्याड़ा, विजयलक्ष्मी, नवीन चौहान एवं अजय नौटियाल इस पहल में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। सभी सदस्य उत्तराखंड सचिवालय में समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

यह पांच सदस्यीय समूह प्रत्येक माह अपनी व्यक्तिगत सहभागिता से समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता है। इन गतिविधियों में अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों तथा वृद्धजनों की सेवा के साथ-साथ पशु कल्याण और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्य भी शामिल हैं।

वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने सचिवालय के इन युवा कार्मिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। समूह के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी प्रकार निस्वार्थ भाव से सामाजिक सेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *