बगोली में खाई में गिरी कार, परिवार के चार लोग घायल

दिनांक : 2026-09-05 00:44:00

कर्णप्रयाग (चमोली)। बगोली के पास मंगलवार को एक कार करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार परिवार के चार लोगों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग से टीम मौके पर पहुंची। UK-13A-2203 नंबर की होंडा डब्ल्यूआर-वी सड़क से नीचे खाई में मिली। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार सवारों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

कार चालक धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी और दो बच्चों के साथ बैजनाथ, कुरड़ा, बागेश्वर से गौचर जा रहे थे। बगोली के पास मोड़ पर उनका हाथ स्टेयरिंग में फंस गया, जिससे वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाए और कार खाई में जा गिरी।

धर्मेंद्र सिंह और उनकी पत्नी साक्षी राणा दोनों सरकारी शिक्षक हैं और गौचर स्थित जीजीआईसी में ज्वाइनिंग के लिए जा रहे थे। हादसे में धर्मेंद्र सिंह, साक्षी राणा, उनकी सात वर्षीय बेटी आरवी राणा और पांच वर्षीय बेटी जागृति घायल हुई हैं। सभी को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल कर्णप्रयाग ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *