सूबे के युवाओं को मिलेगी एआई और रोबोटिक्स की आधुनिक शिक्षा

दिनांक : 2026-08-29 18:50:00

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रदेश में ही पढ़ाई का अवसर मिलेगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बीटीकेआईटी द्वाराहाट में दो नए बीटेक पाठ्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दी है।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (एआई एंड एमएल) तथा रोबोटिक्स पाठ्यक्रम स्ववित्त पोषित माध्यम से संचालित होंगे। दोनों पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मंत्री ने बताया कि आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए प्रदेश के तकनीकी संस्थानों में रोजगारपरक और वैश्विक स्तर के पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। बीटीकेआईटी को दोनों पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद और एआईसीटीई से आवश्यक अनुमोदन मिल चुका है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों में एआई, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बॉयोटेक, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट जैसे पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को प्रदेश में ही अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *