पौड़ी गढ़वाल : कार्यशाला में बच्चों को छेड़छाड़ से बचाव और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी

दिनांक : 2026-08-23 16:41:00

पौड़ी : महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में शनिवार को संस्कार पब्लिक स्कूल, अगरोड़ा में एक दिवसीय जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर द्वारा किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों को छेड़छाड़ एवं किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार के प्रति जागरुक करना तथा ऐसी परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी देना रहा। बच्चों को समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करता है या उन्हें असहज महसूस कराता है, तो वे उस स्थिति को पहचानें, चुप न रहें और किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।

इस दौरान वन स्टॉप केंद्र की प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने बच्चों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षित स्थिति में सहायता के लिए संबंधित हेल्पलाइन एवं सहायता केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है।

कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य पीटर मसीह सहित गीता भंडारी, वंदना नेगी, रचना थपलियाल, सुनीता नेगी, प्रीति रावत, ऋतु नेगी एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *