दिनांक : 2026-07-10 00:38:00
रायगढ़ (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एचपीसीएल (HPCL) के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से हजारों गैस सिलिंडर बाढ़ के पानी में बह जाने की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पातालगंगा नदी में बड़ी संख्या में सिलिंडर बहते दिखाई दे रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, मूसलाधार बारिश के कारण प्लांट परिसर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बाढ़ का पानी सीधे संयंत्र के अंदर घुस गया। तेज बहाव में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलिंडर पातालगंगा नदी और खारपाड़ा क्रीक में बह गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बहने वाले सभी सिलिंडरों में गैस भरी होना आवश्यक नहीं है, हालांकि कुछ सिलिंडरों में गैस मौजूद हो सकती है। इसे देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
रायगढ़ के जिलाधिकारी ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि किसी को बहकर आए सिलिंडर मिलते हैं, तो उन्हें स्वयं इस्तेमाल करने, खोलने या घर में रखने का प्रयास न करें। ऐसे सिलिंडर तुरंत एचपीसीएल के निकटतम डीलर, कंपनी कार्यालय, तहसील कार्यालय अथवा उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में जमा कराएं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बाढ़ में बहकर आए सिलिंडरों की सुरक्षा की पुष्टि नहीं की जा सकती। ऐसे में इनके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग करते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।