उत्तराखंड में 9-10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून में स्कूलों में अवकाश घोषित

दिनांक : 2026-07-09 02:37:00

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी दो दिनों तक मौसम के बेहद खराब रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 9 और 10 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना है।

इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं। देहरादून में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

लगातार बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पर्वतीय एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए 24×7 सतर्कता बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *