दिनांक : 2026-06-19 00:20:00
लक्ष्मणझूला : बीती 13 जून को वादिनी अंजना चतुर्वेदी द्वारा कोतवाली लक्ष्मणझूला में एक शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें अवगत कराया गया कि सर्वेश्वर भगवान मंदिर, परमार्थ निकेतन, रामझूला से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर में स्थापित चांदी के छत्र एवं पूजा-अर्चना में प्रयुक्त चांदी के बर्तनों की चोरी कर ली गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्ष्मणझूला में मु0अ0सं0-19/2026, धारा 305(डी) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया तथा घटना की विवेचना प्रारम्भ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा पुलिस टीम गठित कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन एवं साथ ही संभावित संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जाने हेतू निर्देशित किया गया।
उक्त दिशा-निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर व क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चन्द के प्रर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा अथक परिश्रम, तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई गहन जांच के फलस्वरूप 17 जून को अभियुक्त नरेंद्र सिंह राणा को लक्ष्मणझूला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के छत्र एवं ₹1,32,000/- (एक लाख बत्तीस हजार रुपये) नगद बरामद किए गए हैं। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
अभियुक्त का नाम पता
- नरेंद्र सिंह राणा (उम्र 29 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सिंह राणा, निवासी- ग्राम डोर, जनपद पिथौरागढ़।
पंजीकृत अभियोग
- मु0अ0सं0-19/2026, धारा 305(डी) बीएनएस
बरामद माल
- चोरी किए गए चांदी के छत्र।
- 1,32,000/- रुपये (एक लाख बत्तीस हजार) नगद बरामद।