दिनांक : 2026-06-01 00:13:00
चमोली : उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग एवं भारतीय सेना के संयुक्त तत्वावधान में 31 मई एवं 01 जून 2026 तक सीमांत नीति घाटी में आयोजित होने वाले “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026” का आज भव्य शुभारम्भ हुआ। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम राज्य सरकार की ‘वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज’ अवधारणा को भी सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी द्वारा फ्लैग ऑफ कर किया गया। इस अवसर पर गृह सचिव उत्तराखण्ड शासन शैलेश बगोली, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल एवं अन्य अधिकारियों ने प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस प्रतिष्ठित अल्ट्रा रन में 75 किमी, 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी एवं 5 किमी की विभिन्न श्रेणियों में देशभर से आए पेशेवर एवं शौकिया धावक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को नीति घाटी की प्राकृतिक सुंदरता, रोमांचकारी ट्रैक तथा स्थानीय संस्कृति को निकट से जानने का अवसर प्राप्त होगा।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026” के सफल एवं सुरक्षित आयोजन हेतु पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। आयोजन स्थल, रनिंग रूट, संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनाती की गयी है। सीमांत नीति घाटी के दुर्गम एवं विषम भौगोलिक क्षेत्रों में भी पुलिस जवान मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहकर खिलाड़ियों, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। आयोजन के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने, प्रतिभागियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह तैयार रहेगी।
“नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026” के शुभारम्भ से पूर्व सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। भारत-तिब्बत सीमा से सटी सीमांत नीति घाटी से उठे इस संदेश के माध्यम से देश के युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, उप महानिरीक्षक आईटीबीपी शैलेश कुमार जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, नगर पालिका गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।