कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए होश, बेड पर मृत मिले युवक और युवती

दिनांक : 2026-05-31 00:47:00

रुड़की : सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के डबल फाटक स्थित एक होटल के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों गुरुवार शाम होटल में ठहरे थे लेकिन शुक्रवार दोपहर जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का मंजर देखकर सभी दंग रह गए। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जता रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। 

दिल्ली रोड स्थित आर्यन होटल में गुरुवार शाम एक युवक और युवती ने कमरा बुक कराया था। होटल कर्मचारियों के मुताबिक रात करीब 9 बजे के बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले। शुक्रवार सुबह होटल स्टाफ सफाई के लिए कमरे तक पहुंचा लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्टाफ ने पहले उन्हें सोता हुआ समझा लेकिन चेकआउट समय बीतने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों को शक हुआ। होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन कोतवाली पुलिस और सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने दूसरी चाबी और बाद में दरवाजा तोड़कर कमरे को खुलवाया। कमरे के अंदर युवक और युवती बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान नाथुखेड़ी निवासी सागर के रूप में हुई है जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की बताई जा रही है। 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।बफॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और होटल के सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही हैं। सीओ रुड़की ओशिन जोशी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन का लग रहा है लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *