कर्णप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे का नहीं हुआ चौड़ीकरण, जाम की बनेगी समस्या

दिनांक : 2026-04-26 12:07:00

कर्णप्रयाग (चमोली)। बद्रीनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव कर्णप्रयाग में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौड़ीकरण न होने से भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। नगर के उमादेवी चैक से उमा लॉज तक करीब पांच सौ मीटर के हिस्से में सड़क संकरी होने के कारण चारधाम यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण इस पर आवाजाही बहुत अधिक रहती है, जिससे संकरी सड़क पर वाहनों का दबाव और जाम आम बात हो गई है। यही नहीं बरसात में पहाड़ी से पत्थर गिरने और भूस्खलन होने से वाहनों तथा यात्रियों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों अखिलेश और सुनील ने बताया कि कपीरी स्टैंड के पास भूस्खलन और संकरी सड़क यातायात के लिए बड़ी समस्या है लेकिन विभाग ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। सीएमपी बैंड के पास सड़क पर गड्ढे और हाईवे का एक हिस्सा धंसा होने से भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। एक ओर विभाग चारधाम यात्रा को सुगम बनाने में लगा है, वहीं दूसरी ओर सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य काम लंबित होने से श्रद्धालु और आम यात्री परेशानी उठा रहे हैं। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों के अनुसार, खराब सड़क को ठीक किया जा रहा है।

यातायात सुगम बनाने को पुलिस का मोर्चा

कोतवाली निरीक्षक विनोद थपलियाल ने बताया कि जाम से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों और सड़क व पुलों पर खड़े वाहनों को हटाया जाएगा। गौचर के कमेड़ा से लेकर सोनला तक पुलिस, होमगार्ड और पीएसी के जवान ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। उमा देवी चैक से लेकर राजनगर तक यातायात के बेहतर संचालन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य चारधाम यात्रा को सुगम बनाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *