दिनांक : 2026-04-10 18:01:00
- कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया लघु फिल्म मैदान का पोस्टर एवं प्रोमो लांच।
- UK13 के कलाकारों ने बनाई सचिन भंडारी और पवन बुटोला के संघर्ष पर फिल्म।
- सचिन भंडारी और पवन बुटोला देहरादून में चलाते हैं ‘ब्राइट फ्यूचर एकेडमी’
- कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सचिन के हौसले की तारीफ करते हुए बताया कि, संघर्ष करने वाले बहाने नहीं बनाते बल्कि, मेहनत कर मुकाम हासिल करते हैं।
देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में ‘मैदान’ फिल्म के पोस्टर और प्रोमो को लांच किया। इस मौके पर उन्होंने UK13 कलाकारों की टीम को बधाई दी। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि, माता-पिता, शिक्षक के बाद दोस्त जीवन मे सुख-दुःख से पार पाने में अहम भूमिका निभाता है। जिस तरह से माता-पिता बच्चे का भरण पोषण और शिक्षक उसके भविष्य का निर्माता होता है। इसी तरह दोस्त एक-दूसरे के संकट में काम आते हैं, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिला है। यूके 13 कलाकारों ने भी लघु फ़िल्म का फिल्मांकन इसी तरह किया है, जो दो दोस्त की जीवन गाथा पर आधारित है। फ़िल्म के प्रोमो में देखने को मिला कि, जीवन मे संघर्ष जरूरी है। इसके बिना सफलता अधूरी है। फ़िल्म में दो मित्रों की कहानी गांव से लेकर शहर तक दर्शाई गई है। जिसमे फ़िल्म निर्माता ने दोनों मित्रों की सादगी, परिश्रम और ईमानदारी का फ़िल्म में परिचय देने का काम किया है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देने के साथ ही आमजन से फ़िल्म को प्रोत्साहित करने की अपील की।

वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष, प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि, गांव से निकली युवाओं की टीम ने आज अपने हुनर से उत्तराखंड की फीचर फिल्मों में भी कदम बढ़ाया है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मैती आंदोलन के जनक पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कल्याण सिंह रावत ने कहा कि, फिल्म एक मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि समाज को प्रभावित करने वाली विधा भी है। कार्यक्रम में सोशल पॉलीगॉन ग्रुप के एमडी डी.एस. पंवार ने पूरी टीम को बधाई दी और कार्यक्रम में मौजूद सुप्रसिद्ध अभिनेता बलदेव राणा ने फिल्म के पोस्टर और प्रोमो की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि, यूके 13 कलाकार की टीम अपनी संस्कृति के लिए बेहतरीन काम कर रही है। इसी का सफल परिणाम है कि, आज यूके 13 के कलाकार उत्तराखंड की फीचर फिल्मों में भी हुनर दिखा रहे हैं।
कार्यक्रम में निर्माता निर्देशक देबू रावत और सुनील बडोनी ने भी फिल्म के पोस्टर प्रोमो की जमकर तारीफ की। देबू रावत और सुनील बडोनी ने कहा कि, सचिन रावत की ‘हेमवंती’ फिल्म से प्रभावित होकर घस्यारी और सुपिन्यू में भी सह-डायरेक्टर की भूमिका दी।
“मैदान” फिल्म का सार
उत्तराखण्ड के प्रतिभाशाली कलाकारों की UK13 टीम द्वारा निर्मित फिल्म “मैदान” एक वास्तविक जीवन से प्रेरित संवेदनशील और प्रेरणादायक कहानी है। यह कहानी दो घनिष्ठ मित्रों सचिन और पवन के अटूट रिश्ते और संघर्षों की दास्तां को दर्शाती है। गाँव की सादगी में पले-बढ़े ये दोनों मित्र अपने सपनों को साकार करने के उद्देश्य से शहर की ओर कदम बढ़ाते हैं, लेकिन जीवन की राह इतनी आसान नहीं होती। शहर आने के बाद सचिन को एक गंभीर बीमारी का पता चलता है, जो उसके जीवन को पूरी तरह बदल देती है। कठिनाइयों और शारीरिक पीड़ा के बावजूद वह हार नहीं मानता। इस कठिन समय में पवन उसके साथ एक मजबूत सहारा बनकर खड़ा रहता है। दोनों मित्र मिलकर छोटे-छोटे प्रयासों से अपने सपनों की नींव रखते हैं। दोनों दोस्त मिलकर पहले एक कोचिंग सेंटर की शुरुआत करते हैं, फिर एक क्रिकेट अकादमी स्थापित करते हैं। हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं जब सचिन सामान्य रूप से चलने में असमर्थ हो जाता है। मानो उसके जीवन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है, फिर भी उनका हौसला और आत्मविश्वास डगमगाता नहीं। वे शहर में एक क्रिकेट मैदान बनाने का संकल्प लेते हैं और तब तक नहीं रुकते जब तक अपने इस सपने को साकार नहीं कर लेते।
“मैदान” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि सच्ची मित्रता, अटूट धैर्य, और कठिन परिश्रम से बड़े सपनों को साकार करने की प्रेरणादायक गाथा है। इसके प्रत्येक दृश्य वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित हैं, जो दर्शकों को विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने और अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने की सीख देते हैं।
एक पंक्ति में: “मैदान” सच्ची दोस्ती, आत्मविश्वास और अडिग संघर्ष की प्रेरक कहानी है।
कार्यक्रम में फिल्म की निर्माण टीम Directed by – सचिन रावत,
Produced by – UK13,
Director of Photography – सौरभ पंवार,
Music & Dubbing – अमन उनियाल,
Edited by – सूरज पंवार एवं सौरभ पंवार,
Screenplay & Dialogues – सचिन रावत,
Drone – ऋतिक राणा।
इस आयोजन में Creatiobs के छात्रों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर्स भी प्रदर्शित किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं कलाकारों द्वारा खूब सराहा गया। इन पोस्टर्स के माध्यम से छात्रों की मेहनत, रचनात्मकता और समर्पण स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, सोशल पॉलीगोंन ग्रुप के एमडी डी. एस. पंवार, मैती आंदोलन के जनक पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, फिल्म अभिनेता बलदेव सिंह राणा, निर्माता निर्देशक देबू रावत, सुनील बडोनी, त्यूंखर गांव की ग्राम प्रधान माधुरी देवी बुटोला, साहित्यकार गजेंद्र नौटियाल, सुनील बडौनी, CIMS & UHIMT के डायरेक्टर ललित जोशी, केशर सिंह बिष्ट, प्रणिता बडोनी, लोक गायक गिरीश सनवाल पहाड़ी, लोक गायिका पूनम सती, नितिश भंडारी, विजय भारती एवं कार्यक्रम का संचालन दीपक कैन्तुरा ने किया। इस मौके पर साहित्यिक फिल्म जगत के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।