गंगोत्री धाम में दर्शन समय बदला, अब शाम 4 बजे तक खुला रहेगा मंदिर

दिनांक : 2026-04-06 01:03:00

गंगोत्री: गंगोत्री धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष से मुख्य मंदिर के दर्शन समय में अहम बदलाव किया गया है। गंगोत्री मंदिर समिति के निर्णय के अनुसार अब श्रद्धालु सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर के कपाट सायंकालीन आरती के लिए पुनः खोले जाएंगे, जो शाम 7:45 बजे आयोजित होगी। आरती के बाद रात 10 बजे तक दर्शन जारी रहेंगे।

यह निर्णय गंगोत्री धर्मशाला में आयोजित मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों की वार्षिक बैठक में लिया गया। बैठक में आय-व्यय के साथ-साथ इस वर्ष की पूजा व्यवस्था, पुजारियों की नियुक्ति और अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि पिछले वर्ष तक मंदिर में दोपहर 2 बजे तक ही दर्शन होते थे, जिसके बाद कपाट कुछ समय के लिए बंद कर दिए जाते थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार सर्वसम्मति से दर्शन समय बढ़ाकर शाम 4 बजे तक कर दिया गया है।

वहीं, समिति के मीडिया प्रभारी सतेंद्र सेमवाल ने बताया कि इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को धाम में अधिक समय तक रुकने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान श्रद्धालु घाटों पर पूजा-अर्चना कर सकेंगे और शाम 7 बजे होने वाली गंगा आरती में भी शामिल हो पाएंगे।

बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही किसी भी प्रकार का लाइव दर्शन प्रसारण करने पर भी रोक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *