पुलिस ने लकी – डॉ में गंवाए पैसे व आनलाइन पे में खोई धनराशि लौटाई पीड़ितों को वापस

दिनांक : 2025-07-05 17:11:00

कोटद्वार । साइबर सेल पुलिस ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर ठगों द्वारा ठगी गई रकम व एक व्यक्ति द्वारा टाइपिंग की गलती के कारण दूसरे के खाते में भेजी गई राशि को पीड़ितों के खाते में वापस दिलाने में सफलता प्राप्त की है। इस पर पीड़ितों ने साइबर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
शनिवार को प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि कुछ दिन पूर्व कोटद्वार निवासी एक डाक्टर ने उनके मोबाइल नम्बर पर एक अनजान मोबाइल नंबर से लकी ड्रॉ में बड़ी इनामी राशि निकलने और इसकी औपचारिकताएं पूरी करने संबधी फोन आया। फोन करने वाले ने उनको विश्वास में लेकर उनके खाते से 81,000 की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा दी लेकिन जब तक उन्हें सच्चाई का एहसास हुआ तब तक वे ठगी का शिकार हो चुके थे।
वहीं दूसरी ओर स्थानीय निवासी अरविंद कुमार ने भी टाइपिंग गलती के कारण अपने भाई को यूपीआइ के ज़रिए भेजी जाने वाली 30,000 रूपए की रकम को अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करने संबधी रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए दोनों पीड़ितों के खातों में रकम वापस करवाने में सफलता प्राप्त की। इस पर पीड़ितों ने साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *