हिमक्रीड़ा स्थली औली विंटर कार्निवाल की तैयारियों में जुटा प्रशासन

दिनांक : 2026-02-07 00:16:00

गोपेश्वर (चमोली)। हिमक्रीड़ा स्थली औली में 12 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। औली में विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डीएम ने आयोजन सफल बनाने को अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने आवास, पेयजल, विद्युत, सड़क समेत अन्य सभी व्यवस्थाओं की समय से तैयारियां पूरी करने पर विशेष जोर दिया।

उप जिलाधिकारी जोशीमठ को आयोजन स्थल और हैलीपेड का स्थलीय निरीक्षण करने और स्थानीय होटल व्यवसायियों से बैठक कर आवासीय व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों को आयोजन के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने की बात कही। पुलिस अधिकारियों को आयोजन में यातायात के सुचारू संचालन के लिए योजना बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम करने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन के दौरान औली में अस्थाई चिकित्सालय बनाने और जोशीमठ चिकित्सालय में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी, पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आईटीबीपी के डीसी नानक चन्द ठाकुर, एसी विजेंद्र, सीएमओ डा. अभिषेक त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *