दिनांक : 2026-03-02 01:48:00
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में भी स्वास्थ्य विभाग ने सर्वाइकल कैंसर रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान का आगाज कर दिया है। इसके तहत पहले दिन 19 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन के टीके लगाए गए।
जिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता ने किया। इस अवसर पर 19 बालिकाओं को टीकाकरण किया गया। सीएमओ ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से, जिसे गर्भाशय ग्रीवा कहा जाता है, में होता है। लगभग 99.7ः गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण के कारण होते हैं। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। इसकी रोकथाम के लिए केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। बताया कि जनपद में यह विशेष टीकाकरण अभियान आगामी तीन माह तक संचालित किया जाएगा। सभी विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान की सफलता के लिए टीकाकरण के साथ-साथ आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. वैष्णव कृष्णा, प्रसवोत्तर केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुसुम पंखोली, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपरवान, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी रचना, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नरेंद्र सिंह, वैक्सीनेटर मंजू रावत, ऊषा गोरखा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं संचार प्रबंधक उदय सिंह रावत, जिला कोल्ड चेन मैनेजर महेश देवराड़ी, जिला हॉस्पिटल मैनेजर रणजीत सिंह रावत, परामर्शदाता रेखा, विक्रम सिंह एवं कंप्यूटर सहायक आस्था तिवारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।