दिनांक : 2025-09-20 16:37:00
पिथौरागढ़ : सेवा पर्व के अंतर्गत “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान के तहत आज नगर निगम हाल, पिथौरागढ़ में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक वृहद स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया गया। इस कैम्प में हल्द्वानी के मैट्रिक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे पिथौरागढ़ नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने बताया कि आज कैम्प में कुल 275 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 100 लोगों की यूरिक एसिड जाँच, 215 की शुगर जाँच तथा 275 लोगों का ब्लड प्रेशर परीक्षण किया गया। शाम 4 बजे तक 210 मरीजों को निःशुल्क औषधियाँ वितरित की जा चुकी हैं और यह कैम्प कल भी नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में संचालित रहेगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ. प्रदीप पांडे (एम.बी.बी.एस., एम.एस. हड्डी रोग, के.जी.एम.सी. लखनऊ), डॉ. अखिलेश जोशी (एम.बी.बी.एस., डी.एन.बी. न्यूरोसर्जरी) तथा डॉ. प्रियंका पंत (एम.बी.बी.एस., डी.एन.बी., एम.सी.एच. प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा) सम्मिलित रहे।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग का “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” पखवाड़ा अभियान नगर निगम के विभिन्न वार्डों में भी जारी है। टकाना वार्ड में आयोजित कैम्प का शुभारंभ पार्षद विक्रम वाल्मीकि ने किया। इस कैम्प में बी.पी., शुगर, मुख कैंसर, ग्रीवा कैंसर, स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ-साथ औषधि वितरण किया गया। टी.बी. मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत टी.बी. की स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे भी किए गए। नोडल अधिकारी डॉ. ललित भट्ट ने बताया कि आगामी दिनों में नगर निगम के अन्य वार्डों में भी इस प्रकार के कैम्प आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य कैम्पों में उपस्थित होकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएँ।